सोमवार को जोधपुर के स्टेडियम में भीलवाड़ा किंग्स और गुजरात जायंट्स के बीच तगड़ा मैच खेला गया। यह एक एलिमिनेटर मैच था जिसमें हारने वाली टीम बाहर हो जाती है। इस मैच में भीलवाड़ा किंग्स ने गुजरात जायंट्स को 6 विकेट से हराकर लीग के फाइनल में जगह पक्की कर ली है। इस लीग का फाइनल मुकाबला 5 अक्टूबर को जयपुर में होगा जिसमें भीलवाड़ा किंग्स का सामना इंडिया कैपिटल्स से होगा।
बता दें कि इंडिया कैपिटल्स क्वालीफायर मैच में भीलवाड़ा को हराकर ही फाइनल में पहुंची है। अब इरफान पठान की कप्तानी वाली भीलवाड़ा टीम के पास कैपिटल्स से उस हार का बदला लेने का मौका होगा। यह मैच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जाएगा।

कल के मैच की बात करें तो पहले बैटिंग करते हुए गुजरात जायंट्स ने 9 विकेट खोकर 194 रन बनाए। इस मैच में वीरेंद्र सहवाग प्लेइंग इलेवन टीम का हिस्सा नहीं बने। इस पारी में तिलकरत्ने दिलशान, यशपाल सिंह, केविन ओ’ब्रायन और अजंता मेंडिस की पारी का अहम योगदान रहा। 195 रन का लक्ष्य छोटा नहीं होता लेकिन बल्लेबाजी करने उतरी भीलवाड़ा किंग्स के बल्लेबाजों ने इसे छह विकेट और 9 गेंद शेष रहते ही इस लक्ष्य को हासिल कर लिया।
गुजरात की तरफ से तिलकरत्ने दिलशान ने 26 गेंदों पर 36 रन की पारी खेली। क्रिस गेल 5 रन बनाकर रन आउट हुए। पार्थिव पटेल भी 9 रन ही बना सके। उसके बाद यशपाल ने पारी को संभाला और 35 गेंदों पर 43 रन बनाए। केविन ओ ब्रायन और मेंडिस ने भी क्रमस: 45 और 24 रन की तूफानी पारी खेली और 194 रन तक स्कोर पहुंचाया।

मेंडिस ने 10 गेंदों पर 1 चौके और दो छक्कों की मदद से 24 रन बनाए। भीलवाड़ा किंग्स की ओर से एस. श्रीसंत ने दो विकेट लिए जबकि टिम ब्रेसनन, मोंटी पनेसर, सुदीप त्यागी, राहुल शर्मा औऱ फिडेल एडवर्ड्स को एक-एक विकेट मिला।
शेन वॉटसन ने दिखाया अपना जलवा
इसके बाद भीलवाड़ा किंग्स बल्लेबाजी करने उतरी। पोर्टरफील्ड और मोर्ने वान विक ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। इस की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 54 गेंदों पर 91 रनों की साझेदारी की। पोर्टरफील्ड जबरदस्त खेल रहे थे उन्होंने 43 गेंदों पर 60 रन की पारी खेली। मोरनी ने भी 31 रन बनाए। इसके बाद टीम को जिताने की जिम्मेदारी वॉटसन और यूसुफ पठान ने लेते हुए ताबड़तोड़ खेलना शुरू कर दिया।

ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज शेन वॉटसन ने 24 गेंदों पर 48 रन जड़े और नाबाद रहते हुए मैच जिताया। उन्होंने दो चौके और पांच गगनचुंबी छक्के लगाए। वॉटसन की ताबड़तोड़ पारी के कारण भीलवाड़ा की जीत आसान हो गई। वॉटसन के अलावा युसुफ पठान और इरफान पठान ने भी छोटी लेकिन तेज पारी खेली। युसुफ ने 11 गेंदों पर 21 जबकि इरफान ने 13 गेंदों पर 22 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाई।
